मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने किया ऐतिहासिक गौचर मेले का शुभारंभ, स्थानीय उत्पादों और स्वरोजगार को बढ़ावा देने पर दिया जोर

देहरादून। मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी शनिवार को चमोली जनपद के दौरे पर रहे। इस दौरान उन्होंने गढ़वाल के प्रसिद्ध एवं ऐतिहासिक गौचर मेले का शुभारंभ किया। कार्यक्रम को संबोधित करते हुए मुख्यमंत्री ने कहा कि गौचर मेला हमारी सांस्कृतिक विरासत को सहेजने के साथ ही स्थानीय अर्थव्यवस्था को मजबूती देने का महत्वपूर्ण माध्यम है। यह […]

मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने किया ऐतिहासिक गौचर मेले का शुभारंभ, स्थानीय उत्पादों और स्वरोजगार को बढ़ावा देने पर दिया जोर

देहरादून। मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी शनिवार को चमोली जनपद के दौरे पर रहे। इस दौरान उन्होंने गढ़वाल के प्रसिद्ध एवं ऐतिहासिक गौचर मेले का शुभारंभ किया। कार्यक्रम को संबोधित करते हुए मुख्यमंत्री ने कहा कि गौचर मेला हमारी सांस्कृतिक विरासत को सहेजने के साथ ही स्थानीय अर्थव्यवस्था को मजबूती देने का महत्वपूर्ण माध्यम है। यह प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के ‘वोकल फॉर लोकल’ के आह्वान को धरातल पर उतारने का एक सशक्त मंच भी है।

मुख्यमंत्री ने कहा कि मेले हमारी परंपराओं और सांस्कृतिक पहचान को जीवंत रखते हैं। ये पीढ़ियों को आपस में जोड़ने का काम करते हैं। इसलिए इन आयोजनों को संरक्षित करना और आगे बढ़ाना हम सभी की साझा जिम्मेदारी है।

उन्होंने कहा कि सरकार का प्रयास है कि युवाओं को अपने गांव और क्षेत्र में ही रोजगार के बेहतर अवसर उपलब्ध हों। कृषि, बागवानी, पशुपालन, पर्यटन और हस्तशिल्प के माध्यम से उनकी आय में वृद्धि हो, ताकि उन्हें रोजगार के लिए मजबूरी में अपना घर और गांव न छोड़ना पड़े। इसी उद्देश्य से राज्य सरकार पर्यटन नीति, होमस्टे नीति, फिल्म नीति, सौर स्वरोजगार योजना सहित विभिन्न रोजगारपरक योजनाओं को आगे बढ़ा रही है।

मुख्यमंत्री ने स्थानीय उत्पादों को राष्ट्रीय और अंतरराष्ट्रीय बाजारों तक पहुंचाने पर जोर देते हुए कहा कि चमोली का ऊनी हस्तशिल्प, दालें, राजमा, मंडुवा, झंगोरा, शहद और जड़ी-बूटियां केवल स्थानीय बाजारों तक सीमित नहीं रहनी चाहिए, बल्कि इन्हें देश और दुनिया के बड़े बाजारों तक पहुंचाया जाना चाहिए। इसी उद्देश्य से सरकार ने ‘हाउस ऑफ हिमालयाज’ ब्रांड की शुरुआत की है।

उन्होंने बताया कि ‘हाउस ऑफ हिमालयाज’ का कारोबार अब तक छह करोड़ रुपये का आंकड़ा पार कर चुका है। यह उपलब्धि केवल आर्थिक आंकड़ा नहीं, बल्कि प्रदेश की मातृशक्ति की मेहनत, आत्मविश्वास और आर्थिक आत्मनिर्भरता की प्रेरक कहानी है।

ऐतिहासिक व्यापारिक मेले के रूप में है गौचर की पहचान

गौचर मेला लंबे समय से उत्तराखंड की सांस्कृतिक और व्यापारिक परंपरा का महत्वपूर्ण हिस्सा रहा है। एक समय इसे प्रदेश के सबसे बड़े मेलों में गिना जाता था। यह मेला ऐतिहासिक रूप से व्यापारिक गतिविधियों, कृषि उत्पादों और स्थानीय संस्कृति के आदान-प्रदान का प्रमुख केंद्र रहा है।

मेले में सांस्कृतिक कार्यक्रमों के साथ विभिन्न खेलकूद प्रतियोगिताओं का भी आयोजन किया जाता रहा है। इनमें भाग लेने के लिए उत्तराखंड के विभिन्न क्षेत्रों के साथ ही देश के अन्य राज्यों से भी कलाकार और खिलाड़ी गौचर पहुंचते रहे हैं।

गौचर का कृषि मेला भी विशेष पहचान रखता है। यहां प्रदर्शित होने वाली विशाल आकार की लौकी और मूली जैसे कृषि उत्पाद हमेशा से लोगों के आकर्षण का केंद्र रहे हैं। इनकी असाधारण लंबाई देखकर मेले में आने वाले दर्शक भी आश्चर्यचकित रह जाते हैं।

आज भी गौचर मेला अपनी ऐतिहासिक पहचान, व्यापारिक महत्व और समृद्ध लोक-सांस्कृतिक परंपराओं के कारण उत्तराखंड के प्रमुख आयोजनों में शामिल है। यह मेला स्थानीय उत्पादों को बाजार उपलब्ध कराने, ग्रामीण अर्थव्यवस्था को बढ़ावा देने और प्रदेश की सांस्कृतिक विरासत को नई पीढ़ी तक पहुंचाने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाता है।