Khatima में 12 नवंबर को जनसंवाद करेंगे MP के CM मोहन यादव, 2027 चुनाव से पहले दौरे के सियासी मायने
एफएनएन ,खटीमा : उत्तराखंड में 2027 के विधानसभा चुनाव से पहले राजनीतिक गतिविधियां तेज होने लगी हैं। इसी बीच मध्य प्रदेश के मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव 12 नवंबर को खटीमा विधानसभा क्षेत्र के दौरे पर रहेंगे। इस दौरान वह अशोक फार्म स्थित शहीद हरिकिशन सिंह विद्यालय में स्थानीय लोगों से सीधा संवाद करेंगे। बीजेपी ने […]
एफएनएन ,खटीमा : उत्तराखंड में 2027 के विधानसभा चुनाव से पहले राजनीतिक गतिविधियां तेज होने लगी हैं। इसी बीच मध्य प्रदेश के मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव 12 नवंबर को खटीमा विधानसभा क्षेत्र के दौरे पर रहेंगे। इस दौरान वह अशोक फार्म स्थित शहीद हरिकिशन सिंह विद्यालय में स्थानीय लोगों से सीधा संवाद करेंगे। बीजेपी ने उनके दौरे की तैयारियां शुरू कर दी हैं। पार्टी पदाधिकारी और कार्यकर्ता कार्यक्रम को सफल बनाने के लिए जनसंपर्क में जुटे हुए हैं।
जिला पंचायत अध्यक्ष ने संभाली तैयारियों की कमान
मुख्यमंत्री मोहन यादव के प्रस्तावित दौरे को लेकर ऊधम सिंह नगर के जिला पंचायत अध्यक्ष अजय मौर्य ने तैयारियों की जिम्मेदारी संभाली है। उन्होंने खटीमा विधानसभा क्षेत्र के झनकईया, झाउपरसा, बगुलिया, अशोक फार्म और मेलाघाट सहित आसपास के इलाकों में जनसंपर्क किया।
इस दौरान उन्होंने स्थानीय लोगों को 12 नवंबर को होने वाले कार्यक्रम की जानकारी दी और अधिक से अधिक संख्या में शहीद हरिकिशन सिंह विद्यालय पहुंचकर मुख्यमंत्री के जनसंवाद कार्यक्रम में शामिल होने की अपील की।
2027 चुनाव से पहले दौरे के सियासी मायने
मध्य प्रदेश के मुख्यमंत्री का खटीमा दौरा केवल जनसंवाद कार्यक्रम तक सीमित नहीं माना जा रहा है। 2027 में होने वाले उत्तराखंड विधानसभा चुनाव से पहले इस दौरे के राजनीतिक मायने भी निकाले जा रहे हैं।
जिस क्षेत्र में मोहन यादव स्थानीय जनता से संवाद करेंगे, वहां ओबीसी और पूर्वांचल समाज के मतदाताओं की अच्छी-खासी आबादी है। ऐसे में राजनीतिक जानकार इस दौरे को इन समुदायों तक पहुंच बनाने और बीजेपी के पक्ष में माहौल तैयार करने की कोशिश के तौर पर देख रहे हैं।
फिलहाल जिला पंचायत अध्यक्ष अजय मौर्य के नेतृत्व में बीजेपी के पदाधिकारी, दर्जा प्राप्त मंत्री और कार्यकर्ता कार्यक्रम की तैयारियों में जुटे हैं।
छठ पर्व को भव्य तरीके से मनाने की तैयारी
इस दौरान जिला पंचायत अध्यक्ष अजय मौर्य ने 15 नवंबर को मनाए जाने वाले पूर्वांचल समाज के प्रमुख पर्व छठ पूजा को लेकर भी जानकारी दी। उन्होंने कहा कि इस वर्ष छठ पर्व हर्षोल्लास के साथ मनाया जाएगा। खटीमा, नौसर और मेलाघाट सहित विभिन्न क्षेत्रों के छठ घाटों का सौंदर्यीकरण कराया गया है।
उन्होंने बताया कि मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने भी पूर्वांचल समाज के इस प्रमुख पर्व को ध्यान में रखते हुए जिले के प्रमुख क्षेत्रों में 20 छठ घाटों के निर्माण की पहल की है।