Haridwar महिला अस्पताल की बड़ी लापरवाही! गर्भवती को नहीं किया भर्ती, सुभाष घाट पर खुले आसमान के नीचे दिया बच्ची को जन्म
एफएनएन , हरिद्वार : धर्मनगरी हरिद्वार के महिला अस्पताल में कथित लापरवाही का मामला सामने आने के बाद स्वास्थ्य व्यवस्थाओं पर सवाल खड़े हो गए हैं। आरोप है कि प्रसव पीड़ा से परेशान एक गर्भवती महिला को अस्पताल में भर्ती नहीं किया गया। इसके बाद महिला ने हरकी पैड़ी के पास सुभाष घाट पर खुले […]
एफएनएन , हरिद्वार : धर्मनगरी हरिद्वार के महिला अस्पताल में कथित लापरवाही का मामला सामने आने के बाद स्वास्थ्य व्यवस्थाओं पर सवाल खड़े हो गए हैं। आरोप है कि प्रसव पीड़ा से परेशान एक गर्भवती महिला को अस्पताल में भर्ती नहीं किया गया। इसके बाद महिला ने हरकी पैड़ी के पास सुभाष घाट पर खुले आसमान के नीचे बच्ची को जन्म दिया। घटना का वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल होने के बाद मामला चर्चा में आ गया है। राहत की बात यह है कि फिलहाल जच्चा और बच्चा दोनों स्वस्थ हैं।
पति या परिजन साथ नहीं होने पर लौटाने का आरोप
जानकारी के अनुसार, महिला अपने परिवार के साथ हरकी पैड़ी के आसपास घाटों पर रहकर गुजर-बसर करती है। 28 नवंबर की शाम को उसे प्रसव पीड़ा हुई, जिसके बाद वह इलाज के लिए महिला अस्पताल पहुंची।
आरोप है कि अस्पताल में पति या अन्य परिजन साथ नहीं होने की बात कहकर उसे भर्ती नहीं किया गया और वापस भेज दिया गया। महिला अस्पताल का संचालन पीपीपी मोड पर एनपीपीएल संस्था कर रही है।
सुभाष घाट पर खुले आसमान के नीचे हुआ प्रसव
अस्पताल से लौटने के बाद महिला सुभाष घाट पहुंच गई। यहां उसकी प्रसव पीड़ा बढ़ गई और उसने खुले आसमान के नीचे बच्ची को जन्म दिया। उस समय महिला के साथ डिलीवरी कराने के लिए कोई परिजन मौजूद नहीं था।
घाट पर अचानक हुई इस घटना के बाद वहां मौजूद लोगों ने महिला की मदद की और पुलिस को सूचना दी। जानकारी मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची। इसके बाद एंबुलेंस बुलाकर महिला और नवजात बच्ची को महिला अस्पताल पहुंचाया गया, जहां दोनों को भर्ती कराया गया।
सोशल मीडिया पर वायरल हुआ वीडियो
घाट पर हुई डिलीवरी का वीडियो वहां मौजूद लोगों ने अपने मोबाइल फोन में रिकॉर्ड कर लिया, जो अब सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हो रहा है। वीडियो सामने आने के बाद सरकारी महिला अस्पताल की व्यवस्थाओं और आपातकालीन स्वास्थ्य सेवाओं को लेकर सवाल उठने लगे हैं।
लोगों का सवाल है कि प्रसव पीड़ा से परेशान महिला को अस्पताल पहुंचने पर तत्काल चिकित्सा सुविधा क्यों नहीं दी गई और परिजन साथ नहीं होने की स्थिति में उसे वापस क्यों भेजा गया?
CMO ने दिए जांच के आदेश
हरकी पैड़ी चौकी प्रभारी यशवीर नेगी के मुताबिक, महिला की तबीयत खराब होने की सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची थी। घाट पर प्रसव होने के बाद एंबुलेंस की व्यवस्था कर महिला को अस्पताल भिजवाया गया।
वहीं, हरिद्वार के सीएमओ डॉ. आरके सिंह ने बताया कि मामला संज्ञान में आया है और इसकी जांच कराई जा रही है। यह पता लगाया जाएगा कि महिला को अस्पताल में भर्ती क्यों नहीं किया गया। जांच रिपोर्ट के आधार पर आगे की कार्रवाई की जाएगी।
अस्पताल की स्वास्थ्य व्यवस्थाओं पर उठे सवाल
इस घटना ने एक बार फिर सरकारी अस्पतालों में गर्भवती महिलाओं को मिलने वाली सुविधाओं और आपातकालीन चिकित्सा व्यवस्था पर सवाल खड़े कर दिए हैं। खासकर तब, जब प्रसव पीड़ा की स्थिति में अस्पताल पहुंची महिला को कथित तौर पर भर्ती किए बिना वापस भेज दिया गया।
अब सभी की नजर जांच पर है। देखना होगा कि जांच में अस्पताल की ओर से बरती गई लापरवाही सामने आती है या नहीं और जिम्मेदार लोगों पर क्या कार्रवाई की जाती है।