Haridwar : नाबालिग से दुष्कर्म और ब्लैकमेलिंग का आरोप, पुलिस दबिश के बाद आरोपी ने कनखल कोतवाली में किया सरेंडर

एफएनएन, हरिद्वार : Haridwar के कनखल कोतवाली क्षेत्र में नाबालिग लड़की को कथित तौर पर प्रेम जाल में फंसाकर दुष्कर्म करने और अश्लील फोटो-वीडियो बनाकर ब्लैकमेल करने का मामला सामने आया है। पुलिस के मुताबिक, मामले में फरार चल रहे आरोपी ने लगातार हो रही पुलिस दबिश के दबाव में शनिवार को कनखल कोतवाली पहुंचकर आत्मसमर्पण […]

Haridwar : नाबालिग से दुष्कर्म और ब्लैकमेलिंग का आरोप, पुलिस दबिश के बाद आरोपी ने कनखल कोतवाली में किया सरेंडर

एफएनएन, हरिद्वार : Haridwar के कनखल कोतवाली क्षेत्र में नाबालिग लड़की को कथित तौर पर प्रेम जाल में फंसाकर दुष्कर्म करने और अश्लील फोटो-वीडियो बनाकर ब्लैकमेल करने का मामला सामने आया है। पुलिस के मुताबिक, मामले में फरार चल रहे आरोपी ने लगातार हो रही पुलिस दबिश के दबाव में शनिवार को कनखल कोतवाली पहुंचकर आत्मसमर्पण कर दिया। पुलिस ने आरोपी को हिरासत में लेकर पूछताछ शुरू कर दी है।

पुलिस के अनुसार, बीती 3 सितंबर को नाबालिग की मां ने कनखल कोतवाली में तहरीर दी थी। शिकायत में आरोप लगाया गया था कि एक युवक ने उनकी नाबालिग बेटी से दोस्ती कर उसे विश्वास में लिया और बाद में उसके साथ दुष्कर्म किया। आरोप है कि युवक ने इस दौरान फोटो और वीडियो बना लिए और उन्हें वायरल करने की धमकी देकर नाबालिग को ब्लैकमेल करने लगा।

बताया गया कि डर के चलते नाबालिग ने आरोपी को करीब एक लाख रुपये दे दिए। इसके बावजूद आरोपी की ओर से कथित तौर पर पैसों की मांग जारी रही। परेशान होकर नाबालिग ने मामले की जानकारी परिजनों को दी, जिसके बाद पुलिस से शिकायत की गई। मामले की गंभीरता को देखते हुए कनखल पुलिस ने पॉक्सो एक्ट समेत अन्य संबंधित धाराओं में मुकदमा दर्ज किया।

दिल्ली, नोएडा समेत कई जगह छिपता रहा आरोपी

एसएसपी नवनीत सिंह ने आरोपी की जल्द गिरफ्तारी के निर्देश दिए थे। इसके बाद पुलिस ने उसकी तलाश के लिए टीम गठित कर संभावित ठिकानों पर लगातार दबिश दी। पुलिस के मुताबिक, गिरफ्तारी से बचने के लिए आरोपी लगातार अपना ठिकाना बदलता रहा और दिल्ली, नोएडा, अलीगढ़ तथा बरेली समेत कई स्थानों पर छिपा रहा।

पुलिस की कार्रवाई तेज होने के बाद आरोपी पर गिरफ्तारी का दबाव बढ़ गया। इसके बाद शनिवार को आरोपी खुद कनखल कोतवाली पहुंचा और पुलिस के सामने आत्मसमर्पण कर दिया।

पुलिस के मुताबिक आरोपी की पहचान गौरव कुमार पुत्र धनपाल, निवासी बफरी बुजुर्ग, थाना शाही, जिला बरेली, उत्तर प्रदेश के रूप में हुई है। आरोपी वर्तमान में कनखल क्षेत्र के सगरावाला में रह रहा था। कनखल कोतवाली प्रभारी इंस्पेक्टर देवेंद्र सिंह रावत ने बताया कि मुकदमा दर्ज होने के बाद पुलिस लगातार दबिश दे रही थी, जिसके चलते आरोपी खुद आत्मसमर्पण करने पहुंचा। आरोपी से पूछताछ के बाद उसे न्यायालय में पेश किया जाएगा और आवश्यक वैधानिक कार्रवाई की जा रही है।