Jhabreda में डबल मर्डर से सनसनी, भाई ने बहन और पड़ोसी युवक को मारी गोली; ऑनर किलिंग का शक
एफएनएन, रुड़की : Jhabreda रुड़की के झबरेड़ा क्षेत्र के झबरेड़ी कलां गांव में शनिवार सुबह हुई गोलीबारी की घटना से पूरे इलाके में सनसनी फैल गई। एक युवक ने कथित तौर पर अपनी बहन और पड़ोस में रहने वाले युवक को गोली मार दी। दोनों की मौके पर गंभीर हालत के बाद अस्पताल ले जाया […]
एफएनएन, रुड़की : Jhabreda रुड़की के झबरेड़ा क्षेत्र के झबरेड़ी कलां गांव में शनिवार सुबह हुई गोलीबारी की घटना से पूरे इलाके में सनसनी फैल गई। एक युवक ने कथित तौर पर अपनी बहन और पड़ोस में रहने वाले युवक को गोली मार दी। दोनों की मौके पर गंभीर हालत के बाद अस्पताल ले जाया गया, जहां डॉक्टरों ने उन्हें मृत घोषित कर दिया।
जानकारी के अनुसार, शनिवार सुबह अमन उर्फ भरोसी सिंह (20) ने अपनी बहन रूपा (22) और पड़ोसी सूरज उर्फ मुन्ना (24) को गोली मार दी। बताया जा रहा है कि दोनों के सीने में गोली लगी थी। घटना के बाद परिजन दोनों को तत्काल झबरेड़ा के एक अस्पताल लेकर पहुंचे, लेकिन चिकित्सकों ने उन्हें मृत घोषित कर दिया।
पुलिस ने मौके पर पहुंचकर शुरू की जांच
घटना की सूचना मिलते ही झबरेड़ा पुलिस मौके पर पहुंची और स्थिति को संभाला। पुलिस ने दोनों शवों को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है। घटनास्थल से साक्ष्य जुटाए जा रहे हैं और पुलिस वारदात के पीछे की वजहों की जांच में जुटी है।
घटना की गंभीरता को देखते हुए एसपी देहात अभय कुमार सिंह, सीओ मंगलौर अभिनय चौधरी, एसएचओ मंगलौर भगवान मेहर, एसएसआई दीप कुमार और झबरेड़ा थाना प्रभारी विजय सिंह समेत पुलिस के वरिष्ठ अधिकारी मौके पर पहुंचे। अधिकारियों ने घटनास्थल का निरीक्षण कर मामले की जानकारी ली।
प्रेम प्रसंग समेत सभी पहलुओं की जांच
पुलिस के मुताबिक, शुरुआती जांच में अमन उर्फ भरोसी सिंह की भूमिका सामने आई है। स्थानीय स्तर पर उसके गैंग से जुड़े होने की जानकारी भी सामने आने की बात पुलिस की ओर से कही गई है, हालांकि इसकी आधिकारिक पुष्टि जांच पूरी होने के बाद ही हो सकेगी।
मामले में ऑनर किलिंग की आशंका भी जताई जा रही है। झबरेड़ा कोतवाली प्रभारी निरीक्षक विजय सिंह के अनुसार, पुलिस प्रेम प्रसंग समेत सभी संभावित पहलुओं को ध्यान में रखकर जांच कर रही है। उन्होंने कहा कि आरोपी की गिरफ्तारी के प्रयास किए जा रहे हैं और उसे जल्द गिरफ्तार किया जाएगा।
पुलिस ने यह भी बताया कि आरोपी के खिलाफ झबरेड़ा थाने में पहले से एक आपराधिक मामला दर्ज है। फिलहाल पुलिस हत्या के पीछे की वास्तविक वजह और घटना से जुड़े अन्य तथ्यों की जांच कर रही है।