Pauri के रिखणीखाल में बड़ा सड़क हादसा: 300 फीट गहरी खाई में गिरी इको वैन, 7 महिलाओं समेत 8 की मौत, 5 घायल

एफएनएन, पौड़ी गढ़वाल : उत्तराखंड के पौड़ी जिले के रिखणीखाल ब्लॉक में शनिवार को हुए भीषण सड़क हादसे में आठ लोगों की मौत हो गई, जबकि पांच लोग घायल हो गए। रिखणीखाल-सतपुली मोटर मार्ग पर कलवाड़ी गांव के पास यात्रियों से भरी एक इको वैन अनियंत्रित होकर करीब 300 फीट गहरी खाई में जा गिरी। […]

Pauri के रिखणीखाल में बड़ा सड़क हादसा: 300 फीट गहरी खाई में गिरी इको वैन, 7 महिलाओं समेत 8 की मौत, 5 घायल

एफएनएन, पौड़ी गढ़वाल : उत्तराखंड के पौड़ी जिले के रिखणीखाल ब्लॉक में शनिवार को हुए भीषण सड़क हादसे में आठ लोगों की मौत हो गई, जबकि पांच लोग घायल हो गए। रिखणीखाल-सतपुली मोटर मार्ग पर कलवाड़ी गांव के पास यात्रियों से भरी एक इको वैन अनियंत्रित होकर करीब 300 फीट गहरी खाई में जा गिरी। वाहन में चालक समेत कुल 13 लोग सवार थे। मृतकों में सात महिलाएं और वाहन चालक शामिल हैं। सभी महिलाएं भंगलवाड़ गांव की रहने वाली थीं और स्वयं सहायता समूह से जुड़ी हुई थीं।

हादसे की सूचना मिलते ही पुलिस, राजस्व पुलिस और एसडीआरएफ की टीमें मौके पर पहुंचीं। स्थानीय लोगों की मदद से खाई में राहत एवं बचाव अभियान चलाया गया। वहीं, हादसे पर प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी और मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने गहरा दुख व्यक्त किया है। प्रधानमंत्री ने मृतकों के परिजनों और घायलों के लिए आर्थिक सहायता की घोषणा भी की है।

स्वयं सहायता समूह की बैठक से लौट रही थीं महिलाएं, रास्ते में हुआ हादसा

जानकारी के मुताबिक, शनिवार को भंगलवाड़ गांव की महिलाएं स्वयं सहायता समूह की बैठक और अन्य जरूरी कामों के सिलसिले में सिद्धखाल बाजार गई थीं। काम पूरा करने के बाद सभी महिलाएं इको वैन से अपने गांव लौट रही थीं।

इसी दौरान रिखणीखाल-सतपुली मोटर मार्ग पर कलवाड़ी गांव के पास वाहन अचानक अनियंत्रित हो गया और करीब 300 फीट गहरी खाई में जा गिरा। हादसे के बाद मौके पर चीख-पुकार मच गई। आसपास मौजूद लोग तत्काल मदद के लिए पहुंचे और पुलिस को दुर्घटना की सूचना दी।

पुलिस और एसडीआरएफ ने चलाया राहत-बचाव अभियान

हादसे की जानकारी मिलते ही रिखणीखाल पुलिस, राजस्व पुलिस और एसडीआरएफ की टीमें घटनास्थल पर पहुंच गईं। एसडीएम लैंसडौन शालिनी मौर्य और एएसपी मनोज ठाकुर भी मौके पर पहुंचे।

स्थानीय लोगों की सहायता से खाई में राहत एवं बचाव अभियान चलाया गया। काफी मशक्कत के बाद घायलों को बाहर निकाला गया। वाहन चालक समेत सात लोगों के शव घटनास्थल से बरामद किए गए। सभी घायलों को एंबुलेंस के जरिए प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र रिखणीखाल पहुंचाया गया। वहां उपचार के दौरान एक महिला ने दम तोड़ दिया।

आठ मृतकों में सात महिलाएं और वाहन चालक शामिल

पुलिस के अनुसार, इस दर्दनाक हादसे में जान गंवाने वालों की पहचान इस प्रकार हुई है:

  1. अनिल देबराड़ा (48), पुत्र जयानंद, वाहन चालक

  2. कांती देवी (45), पत्नी दिनेश चंद्र

  3. रेखा देवी (42), पत्नी प्रेम सिंह

  4. सुमित्रा देवी (50), पत्नी रमेश सिंह

  5. सुनीता देवी (45), पत्नी मदन सिंह

  6. धनेश्वरी देवी (46), पत्नी किशन चंद्र

  7. सरोजनी देवी (38), पत्नी मोहन सिंह

  8. रजनी देवी (25)

सभी मृतक भंगलवाड़ क्षेत्र के निवासी बताए गए हैं।

हादसे में पांच लोग घायल, दो को एयरलिफ्ट कर एम्स भेजा

दुर्घटना में पांच लोग घायल हुए हैं। इनमें शशि देवी (35), शकुंतला देवी (45), जगदीश सिंह (36), उनकी पत्नी सत्यवती देवी (36) और बेटी तनिशा (11) शामिल हैं।

घायलों में शकुंतला देवी और एक अन्य घायल की गंभीर स्थिति को देखते हुए उन्हें एयरलिफ्ट कर एम्स ऋषिकेश भेजा गया है। अन्य घायलों का भी उपचार कराया जा रहा है।

पीएम मोदी ने मृतकों के परिजनों को दो-दो लाख की सहायता देने की घोषणा की

पौड़ी के रिखणीखाल में हुए इस हादसे पर प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने दुख जताया है। उन्होंने मृतकों के परिजनों के प्रति संवेदना व्यक्त करते हुए घायलों के जल्द स्वस्थ होने की कामना की।

प्रधानमंत्री ने प्रधानमंत्री राष्ट्रीय राहत कोष (PMNRF) से मृतकों के प्रत्येक परिजन को दो-दो लाख रुपये की अनुग्रह राशि देने की घोषणा की है। वहीं, हादसे में घायल लोगों को 50-50 हजार रुपये की आर्थिक सहायता दी जाएगी।

सीएम धामी ने अधिकारियों को दिए बेहतर उपचार के निर्देश

मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने भी कलवाड़ी के पास हुए सड़क हादसे पर गहरा शोक व्यक्त किया। उन्होंने दुर्घटना में जान गंवाने वाले लोगों के परिजनों के प्रति संवेदना जताई और दिवंगत आत्माओं की शांति के लिए प्रार्थना की।

मुख्यमंत्री ने अधिकारियों को निर्देश दिए कि सभी घायलों को बेहतर चिकित्सा सुविधा उपलब्ध कराई जाए। साथ ही गंभीर रूप से घायल लोगों को एयरलिफ्ट कर उच्च चिकित्सा केंद्रों तक पहुंचाने की व्यवस्था सुनिश्चित की जाए।

इस हादसे से भंगलवाड़ गांव समेत पूरे रिखणीखाल क्षेत्र में शोक की लहर है। एक साथ सात महिलाओं और वाहन चालक की मौत से क्षेत्र के लोग गहरे सदमे में हैं।