Rishikesh की पवित्र पहचान पर अपराध का साया, नाबालिगों से दुष्कर्म से लेकर नशे और हथियारों तक बढ़ी चिंता
एफएनएन, ऋषिकेश : Rishikesh योग और अध्यात्म के लिए दुनियाभर में पहचान रखने वाली ऋषिकेश की छवि पर अब आपराधिक और अनैतिक गतिविधियों को लेकर चिंता बढ़ रही है। गंगा घाट, मंदिर, आश्रम और गंगा आरती के आध्यात्मिक माहौल के लिए प्रसिद्ध इस शहर में सामने आ रही कुछ घटनाओं ने सुरक्षा व्यवस्था और सामाजिक […]
एफएनएन, ऋषिकेश : Rishikesh योग और अध्यात्म के लिए दुनियाभर में पहचान रखने वाली ऋषिकेश की छवि पर अब आपराधिक और अनैतिक गतिविधियों को लेकर चिंता बढ़ रही है। गंगा घाट, मंदिर, आश्रम और गंगा आरती के आध्यात्मिक माहौल के लिए प्रसिद्ध इस शहर में सामने आ रही कुछ घटनाओं ने सुरक्षा व्यवस्था और सामाजिक वातावरण पर सवाल खड़े किए हैं।
हाल के दिनों में नाबालिगों से दुष्कर्म के दो अलग-अलग मामले सामने आने के बाद स्थानीय लोगों की चिंता और बढ़ गई है। इन घटनाओं ने महिलाओं और बच्चों की सुरक्षा के साथ-साथ शहर में संचालित हो रहे होटल और अन्य ठिकानों की निगरानी को लेकर भी सवाल खड़े किए हैं।
शादी समारोह में गई किशोरी से सामूहिक दुष्कर्म का आरोप
एक मामले में शादी समारोह में अपनी नाबालिग सहेली के साथ पहुंची किशोरी के साथ तीन नाबालिग युवकों द्वारा सामूहिक दुष्कर्म किए जाने का मामला सामने आया। घटना के बाद पुलिस ने मामले की जांच शुरू की।इस घटना ने नाबालिगों की सुरक्षा और युवाओं में बढ़ती आपराधिक प्रवृत्ति को लेकर गंभीर चिंता पैदा की है।
होटल में नाबालिग से दुष्कर्म ने खड़े किए सवाल
दूसरे मामले में शहर के बीच स्थित एक होटल में नाबालिग के साथ दुष्कर्म का मामला सामने आया। इस प्रकरण में होटल संचालक और मैनेजर की कथित भूमिका सामने आने के बाद होटल व्यवसाय में सुरक्षा और सत्यापन व्यवस्था पर सवाल उठे।घटना ने यह भी सवाल खड़ा किया है कि शहर के होटलों और अन्य ठहरने वाले स्थानों पर आने वाले लोगों की निगरानी और दस्तावेजों का सत्यापन किस स्तर पर किया जा रहा है।
छह महीने पहले कैसीनो संचालन का मामला भी आया था सामने
करीब छह महीने पहले ऋषिकेश से सटे आईडीपीएल क्षेत्र में कथित कैसीनो संचालन का मामला सामने आया था। कार्रवाई के दौरान नोएडा और दिल्ली से आई युवतियों के पकड़े जाने की बात सामने आई थी। इस घटना के बाद शहर और आसपास के क्षेत्रों में बाहर से संचालित होने वाली संदिग्ध गतिविधियों तथा उनके संभावित नेटवर्क को लेकर भी सवाल उठे थे।
नशे और अवैध हथियारों ने बढ़ाई चिंता
ऋषिकेश क्षेत्र में नशे के साथ अवैध हथियारों से जुड़े मामले भी चिंता का कारण बने हुए हैं। नशे की हालत में आपराधिक घटनाओं को अंजाम दिए जाने की घटनाएं परिवारों और स्थानीय लोगों के लिए गंभीर चेतावनी हैं। बीते जुलाई में आमबाग क्षेत्र में शराब के नशे में एक युवक द्वारा अपनी मां पर कथित तौर पर अवैध तमंचे से गोली चलाने का मामला सामने आया था। महिला इस घटना में गंभीर रूप से घायल हुई थी।
प्रेमिका की हत्या से दहला था शिवाजी नगर
इससे पहले फरवरी में शिवाजी नगर क्षेत्र में एक युवक पर अपनी तलाकशुदा प्रेमिका की अवैध तमंचे से गोली मारकर हत्या करने का आरोप लगा था। इस घटना ने भी शहर में सनसनी फैला दी थी और अवैध हथियारों की उपलब्धता को लेकर सवाल खड़े किए थे। वहीं, श्यामपुर क्षेत्र में ग्रामीणों को धमकाने और अवैध तमंचे से फायरिंग करने का मामला भी सामने आया था। बताया गया कि ग्रामीणों ने गांव के पास शराब पी रहे कुछ युवकों को टोका था, जिसके बाद विवाद बढ़ गया। पुलिस जांच में आरोपियों के आपराधिक रिकॉर्ड की जानकारी भी सामने आने की बात कही गई थी। उन पर बैंक लूट और हत्या जैसे गंभीर मामलों में FIR दर्ज होने की जानकारी सामने आई थी।
सवाल केवल अपराध का नहीं, ऋषिकेश की पहचान का भी
लगातार सामने आ रही घटनाओं ने यह सवाल खड़ा किया है कि क्या अपराधी और असामाजिक तत्व ऋषिकेश की धार्मिक और पर्यटन पहचान का फायदा उठाकर यहां अपनी गतिविधियों का विस्तार कर रहे हैं। नाबालिगों के खिलाफ अपराध, नशा, अवैध हथियार और संदिग्ध गतिविधियां केवल कानून-व्यवस्था का विषय नहीं हैं, बल्कि इनका असर शहर के सामाजिक वातावरण और युवाओं के भविष्य पर भी पड़ता है।
होटल और होम स्टे के सत्यापन पर जोर
इन घटनाओं के बाद पुलिस और प्रशासन के सामने चुनौती केवल वारदात के बाद कार्रवाई करने की नहीं, बल्कि अपराध से जुड़े संभावित नेटवर्क तक पहुंचने की भी है। होटल, होम स्टे और किराये के ठिकानों के सत्यापन के साथ-साथ नशे के कारोबार, अवैध हथियारों और संदिग्ध गतिविधियों पर निगरानी बढ़ाना जरूरी माना जा रहा है। पुलिस की ओर से सत्यापन अभियान शुरू किए जाने की जानकारी दी गई है।
‘माहौल खराब करने वालों को बख्शा नहीं जाएगा’
एसपी देहात जया बलूनी के मुताबिक होटल और होम स्टे आदि के सत्यापन के लिए अभियान शुरू कर दिया गया है। उन्होंने कहा कि क्षेत्र में कानून-व्यवस्था को मजबूत बनाए रखने के लिए हरसंभव प्रयास किए जा रहे हैं। पुलिस के मुताबिक माहौल खराब करने वाले और कानून का उल्लंघन करने वाले लोगों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की जाएगी। ऐसे में आने वाले दिनों में सत्यापन अभियान और अपराध नियंत्रण को लेकर पुलिस की कार्रवाई पर नजर रहेगी।