उत्तराखंड में BJP का चुनावी मंथन : राम माधव, अरविंद मेनन और बांसुरी स्वराज 2 अक्टूबर से देहरादून दौरे पर
एफएनएन, देहरादून : BJP के उत्तराखंड प्रभारी राम माधव, सह-प्रभारी अरविंद मेनन और बांसुरी स्वराज का पहला उत्तराखंड दौरा तय हो गया है। तीनों नेता 2 अक्टूबर से दो दिवसीय देहरादून प्रवास पर रहेंगे। इस दौरान संगठन के पदाधिकारियों के साथ बैठक कर आगामी विधानसभा चुनाव की तैयारियों और संगठन की रणनीति पर चर्चा की […]
एफएनएन, देहरादून : BJP के उत्तराखंड प्रभारी राम माधव, सह-प्रभारी अरविंद मेनन और बांसुरी स्वराज का पहला उत्तराखंड दौरा तय हो गया है। तीनों नेता 2 अक्टूबर से दो दिवसीय देहरादून प्रवास पर रहेंगे। इस दौरान संगठन के पदाधिकारियों के साथ बैठक कर आगामी विधानसभा चुनाव की तैयारियों और संगठन की रणनीति पर चर्चा की जाएगी।
प्रदेश पदाधिकारियों और जिलाध्यक्षों के साथ होगी बैठक
प्रदेश अध्यक्ष महेंद्र भट्ट के अनुसार, 2 अक्टूबर को गांधी जयंती के अवसर पर आयोजित कार्यक्रम में प्रभारी और सह-प्रभारी शामिल होंगे। इसके बाद पहले दिन प्रदेश पदाधिकारियों और सभी जिलाध्यक्षों के साथ बैठक प्रस्तावित है।
बैठक में संगठन की जिलावार गतिविधियों, संगठन की स्थिति और आगामी चुनाव को लेकर तैयारियों पर विस्तार से चर्चा की जाएगी। प्रदेश स्तर से लेकर जिला स्तर तक संगठन को चुनाव के लिए तैयार करने को लेकर भी मंथन होगा।
सातों मोर्चों की प्रदेश टीमों से भी करेंगे संवाद
दौरे के दूसरे दिन राम माधव, अरविंद मेनन और बांसुरी स्वराज पार्टी के सातों मोर्चों की प्रदेश टीमों के साथ बैठक करेंगे। इसमें अलग-अलग मोर्चों की चुनावी तैयारियों और उनकी भूमिका को लेकर चर्चा की जाएगी।
दरअसल, हाल ही में प्रस्तावित कोर कमेटी की बैठक में प्रभारी और सह-प्रभारियों के शामिल होने की उम्मीद थी, लेकिन पहले से निर्धारित कार्यक्रमों के चलते वे बैठक में शामिल नहीं हो सके थे। अब उनका उत्तराखंड दौरा तय हो गया है।
आगामी विधानसभा चुनाव को देखते हुए BJP के केंद्रीय पदाधिकारियों का यह दौरा संगठनात्मक तैयारियों के लिहाज से महत्वपूर्ण है। दौरे के दौरान पार्टी संगठन को बूथ से लेकर जिला और प्रदेश स्तर तक चुनावी तैयारियों को लेकर दिशा-निर्देश दिए जाने की संभावना है।