नशे में 55 किलोमीटर तक बस दौड़ाता रहा चालक, 28 यात्रियों की जान खतरे में डाली
लंबगांव पुलिस की सतर्कता से टला बड़ा हादसा, बस सीज कर चालक के खिलाफ मुकदमा दर्ज पौड़ी/टिहरी। चारधाम यात्रा पर निकले 28 श्रद्धालुओं की जान उस समय खतरे में पड़ गई, जब शराब के नशे में धुत एक बस चालक यात्रियों से भरी बस को करीब 55 किलोमीटर तक तेज रफ्तार में दौड़ाता रहा। गनीमत […]

लंबगांव पुलिस की सतर्कता से टला बड़ा हादसा, बस सीज कर चालक के खिलाफ मुकदमा दर्ज
पौड़ी/टिहरी। चारधाम यात्रा पर निकले 28 श्रद्धालुओं की जान उस समय खतरे में पड़ गई, जब शराब के नशे में धुत एक बस चालक यात्रियों से भरी बस को करीब 55 किलोमीटर तक तेज रफ्तार में दौड़ाता रहा। गनीमत रही कि लंबगांव पुलिस की सतर्कता से समय रहते बस को रोक लिया गया और एक बड़ा हादसा होने से बच गया। पुलिस ने चालक को हिरासत में लेकर उसके खिलाफ नियमानुसार कार्रवाई की है।
पुलिस के मुताबिक, मंगलवार सुबह करीब 9:30 बजे उत्तरकाशी से श्रीनगर गढ़वाल की ओर जा रही यात्री बस संख्या UK 10PA 1010 को लंबगांव थाना पुलिस ने चेकिंग के दौरान रोका। बस में चारधाम यात्रा पर जा रहे 28 यात्री सवार थे। पुलिस को बस की गतिविधियां और चालक के वाहन चलाने का तरीका संदिग्ध लगा। इसके बाद चालक की एल्कोमीटर से जांच कराई गई, जिसमें उसके अत्यधिक शराब के नशे में होने की पुष्टि हुई।
कोलकाता और महाराष्ट्र के यात्री थे सवार
बस में सवार सभी 28 यात्री कोलकाता और महाराष्ट्र के रहने वाले थे, जो बाबा केदारनाथ और बदरी विशाल के दर्शन के लिए जा रहे थे। चालक की लापरवाही से यात्रियों की सुरक्षा पर गंभीर खतरा मंडरा रहा था। स्थिति की गंभीरता को देखते हुए पुलिस ने तत्काल बस को अपने कब्जे में ले लिया और यात्रियों को सुरक्षित बाहर निकलवाया।
दूसरी बस से यात्रियों को भेजा श्रीनगर
लंबगांव पुलिस ने यात्रियों की परेशानी को देखते हुए दूसरी बस की व्यवस्था की और सभी को सुरक्षित श्रीनगर के लिए रवाना किया। पुलिस की त्वरित कार्रवाई से संभावित सड़क हादसा टल गया। यात्रियों ने पुलिस की सतर्कता और जिम्मेदारी की सराहना की।
बस सीज, लाइसेंस निरस्त करने की संस्तुति
लंबगांव थाना प्रभारी महिपाल सिंह रावत ने बताया कि बस में चालक और परिचालक समेत कुल 30 लोग सवार थे। चालक करीब 55 किलोमीटर तक शराब के नशे में बस चलाता रहा। पुलिस ने बस को सीज कर चालक के खिलाफ प्राथमिकी दर्ज की है। साथ ही उसका ड्राइविंग लाइसेंस निरस्त करने के लिए संबंधित विभाग को संस्तुति भेजी गई है।