हल्द्वानी में तिलक पोंछने पर विवाद, दुष्यंत गौतम पर कांग्रेस का हमला
एफएनएन, देहरादून : हल्द्वानी भाजपा के राष्ट्रीय अध्यक्ष नितिन नवीन इन दिनों दो दिवसीय उत्तराखंड दौरे पर हैं। दौरे के पहले दिन उन्होंने हल्द्वानी में आयोजित भाजपा की प्रदेश कार्यकारिणी की बैठक में हिस्सा लिया। इस बैठक में मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी, भाजपा प्रदेश अध्यक्ष महेंद्र भट्ट और प्रदेश प्रभारी दुष्यंत गौतम समेत पार्टी के […]
एफएनएन, देहरादून : हल्द्वानी भाजपा के राष्ट्रीय अध्यक्ष नितिन नवीन इन दिनों दो दिवसीय उत्तराखंड दौरे पर हैं। दौरे के पहले दिन उन्होंने हल्द्वानी में आयोजित भाजपा की प्रदेश कार्यकारिणी की बैठक में हिस्सा लिया। इस बैठक में मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी, भाजपा प्रदेश अध्यक्ष महेंद्र भट्ट और प्रदेश प्रभारी दुष्यंत गौतम समेत पार्टी के कई वरिष्ठ नेता मौजूद रहे। इसी दौरान दुष्यंत गौतम का एक वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल होने के बाद सियासी विवाद खड़ा हो गया है।
स्वागत के दौरान लगाया गया था तिलक
दरअसल, भाजपा प्रदेश कार्यकारिणी की बैठक में शामिल होने के लिए जब पार्टी के नेता कार्यक्रम स्थल की ओर रवाना हो रहे थे, उस दौरान स्वागत के लिए महिलाएं खड़ी थीं। महिलाओं ने मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी, प्रदेश अध्यक्ष महेंद्र भट्ट समेत अन्य नेताओं का स्वागत किया। इसी दौरान प्रदेश प्रभारी दुष्यंत गौतम के माथे पर भी तिलक लगाया गया। हालांकि, कुछ ही देर बाद दुष्यंत गौतम ने रुमाल निकालकर अपने माथे पर लगा तिलक पोंछ दिया। इस पूरे घटनाक्रम का वीडियो अब सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हो रहा है। वीडियो सामने आने के बाद कांग्रेस ने इसे मुद्दा बनाते हुए भाजपा और दुष्यंत गौतम पर निशाना साधा है।
कांग्रेस ने दुष्यंत गौतम पर साधा निशाना
कांग्रेस प्रदेश प्रवक्ता डॉ. प्रतिमा सिंह ने दुष्यंत गौतम के तिलक पोंछने को लेकर तीखी प्रतिक्रिया दी। उन्होंने कहा कि दुष्यंत गौतम पर पहले से आरोप लगे हुए हैं और मामले की जांच सीबीआई को सौंपी गई है। कांग्रेस प्रवक्ता ने सवाल उठाते हुए कहा कि जब उन्हें पूछताछ के लिए अब तक नहीं बुलाया गया है, तो देवभूमि में उनका स्वागत किया जाना शर्मनाक है। डॉ. प्रतिमा सिंह ने आरोप लगाया कि तिलक लगाने के बाद उसे पोंछ देना यह दर्शाता है कि दुष्यंत गौतम देवभूमि और सनातन धर्म का कितना सम्मान करते हैं। उन्होंने कहा कि सनातन धर्म में तिलक को पूजनीय माना जाता है और इसका अपना धार्मिक महत्व है।
कांग्रेस बोली- जनता से मांगनी चाहिए माफी
कांग्रेस प्रवक्ता ने भाजपा पर भी हमला बोलते हुए कहा कि भाजपा जनता के बीच सनातन धर्म की बात करती है, लेकिन इस तरह की घटना से उसके दावों पर सवाल खड़े होते हैं। उन्होंने कहा कि देवभूमि में आकर तिलक का अपमान किया गया है, इसलिए दुष्यंत गौतम को प्रदेश की जनता से माफी मांगनी चाहिए। हालांकि, वायरल वीडियो को लेकर दुष्यंत गौतम की ओर से इस घटना पर कोई अलग स्पष्टीकरण सामने आया है या नहीं, यह स्पष्ट नहीं है। ऐसे में वीडियो को लेकर सोशल मीडिया पर अलग-अलग तरह की प्रतिक्रियाएं भी सामने आ रही हैं।
2027 चुनाव की तैयारियों पर भाजपा का फोकस
वहीं, भाजपा के राष्ट्रीय अध्यक्ष नितिन नवीन का उत्तराखंड दौरा आगामी विधानसभा चुनाव की तैयारियों के लिहाज से महत्वपूर्ण माना जा रहा है। 2027 के विधानसभा चुनाव को देखते हुए पार्टी संगठन को मजबूत करने और चुनावी रणनीति को धार देने के लिए नितिन नवीन कुमाऊं दौरे पर पहुंचे हैं।
दौरे के पहले दिन उन्होंने भाजपा की प्रदेश कार्यकारिणी, प्रदेश पदाधिकारियों और जिला अध्यक्षों के साथ बैठक की। इसके अलावा राज्य कोर कमेटी की बैठक में भी हिस्सा लिया। बैठक के दौरान नितिन नवीन ने संगठन की मजबूती पर जोर देते हुए कहा कि 2027 के चुनाव में उत्तराखंड का संदेश देश तक जाएगा।
उन्होंने पार्टी के 19 जिले, 304 मंडल, 2,835 शक्ति केंद्र और 12,543 बूथों को संगठन की बड़ी ताकत बताते हुए इन सभी स्तरों पर मजबूती के साथ काम करने का आह्वान किया। चुनावी तैयारियों के बीच तिलक विवाद ने अब भाजपा के लिए एक नया सियासी मुद्दा जरूर खड़ा कर दिया है।